कप्तानगंज (कुशीनगर): स्थानीय नगर क्षेत्र और उससे सटे दर्जनों गांवों में बिजली की आंख मिचौली ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। मंगलवार और बुधवार को लगातार चार घंटे तक बिजली की आपूर्ति पूरी तरह बाधित रही, जिससे लोग भीषण गर्मी में तड़पते रहे।
भीषण उमस के बीच बिजली कटौती ने लोगों की परेशानी को कई गुना बढ़ा दिया है। लो वोल्टेज और बार-बार ट्रिपिंग से विद्युत उपकरणों की हालत खराब हो गई है। पंखे, फ्रिज, कूलर और बल्ब जैसे उपकरण शोपीस बनकर रह गए हैं।
स्थानीय निवासी लगातार विद्युत विभाग से समस्या के समाधान की मांग कर रहे हैं, लेकिन विभागीय लापरवाही से कोई हल नहीं निकल पा रहा है।
Read more:समीक्षा अधिकारी परीक्षा: 27 जुलाई को कुशीनगर में 18 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी, डीएम ने दिए कड़े निर्देश
जनता में आक्रोश, नेताओं ने जताया विरोध
भाजपा नेता शैलेंद्र सिंह, एडवोकेट रंजीत कुमार गुप्ता, अरविंद कुमार दुबे, उमेश कुमार उपाध्याय, विनोद कुमार मिश्रा, अमित कुमार यादव, राम प्रसाद यादव, अभय मद्धेशिया, शेराज अहमद, ग्याशूद्दीन खान, अशोक सिंह और एस के सिंह ने बिजली संकट को लेकर प्रशासन पर कड़ा निशाना साधा।
नेताओं का कहना है कि,“लो वोल्टेज और बिजली कटौती की समस्या पिछले कई महीनों से बनी हुई है। दिन-रात मिलाकर लगातार चार से पांच घंटे तक बिजली गायब रहती है। यह संकट जनता के सब्र की परीक्षा ले रहा है।”
घेराव की चेतावनी
क्षेत्रीय उपभोक्ताओं ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही विद्युत व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो वे विद्युत उपकेंद्र का घेराव करेंगे। इसका पूरा दायित्व प्रशासन और विद्युत विभाग पर होगा।

